नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। भारत के एथलीट लोकेश सत्यनारायणन ने अमेरिका के फेयेटविल में आयोजित एनसीएए इंडोर चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

टार्लटन स्टेट यूनिवर्सिटी के छात्र लोकेश ने फाइनल के चौथे प्रयास में 8.21 मीटर की छलांग लगाते हुए नया भारतीय इंडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और पहला स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ वह भारतीय लंबी कूद खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए। उनसे आगे केवल जेसविन एल्ड्रिन (8.42 मीटर) और मुरली श्रीशंकर (8.41 मीटर) हैं।
26 वर्षीय लोकेश का इससे पहले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.02 मीटर था। फाइनल के अंतिम प्रयास में उन्होंने 8.17 मीटर की छलांग भी लगाई। प्रतियोगिता में उन्होंने डी’आंद्रे वार्ड (8.20 मीटर) और तफाद्ज़वा चिकोंबा (8.15 मीटर) को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
लोकेश एनसीएए डिवीजन-1 एथलेटिक्स चैंपियनशिप जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले मोहिंदर सिंह गिल (ट्रिपल जंप), विकास गौड़ा (डिस्कस थ्रो) और तेजस्विन शंकर (हाई जंप) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
बेंगलुरु में जन्मे लोकेश खेल प्रेमी परिवार से आते हैं। उनके पिता जॉन बेंगलुरु पुलिस के लिए फुटबॉल खेल चुके हैं, जबकि उनकी बहन मोनिका राष्ट्रीय स्तर की 400 मीटर धाविका रही हैं।
कई बार के जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन लोकेश 2018 जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। एक गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद उनके करियर में ठहराव आ गया था और वह आत्मविश्वास की कमी से जूझ रहे थे।
साल 2021 में जब उनकी मां फेंसी मैरी कोविड-19 संक्रमण से जूझ रही थीं, तब उन्होंने लोकेश को अमेरिका में कॉलेजिएट प्रतियोगिताओं में करियर बनाने की सलाह दी। उसी फैसले के बाद लोकेश ने अमेरिका का रुख किया और अब एनसीएए इंडोर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
