प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मांडा थाना क्षेत्र से शनिवार को एलकेजी के छात्र को उसके दादा के सामने से कार सवार दो बदमाश खींचकर फरार हो गए। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम खाना पूर्ति में जुट गई। हालांकि देर रात अपहरण का मुकदमा दर्ज कर ली है। वहीं दूसरी तरफ मांडा थाने की पुलिस टीम की कार्य प्रणाली से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि बच्चे की बरामदगी के लिए टीमें लगी हुई हैं। विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

माण्डा थाना क्षेत्र के सरायकला गांव निवासी ओमप्रकाश मुम्बई में निजी सुरक्षाकर्मी के रूप में काम करता है। उसके दो बच्चे हैं, बड़ा 6 वर्षीय बेटा प्रतीक है जो घर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित स्कूल में स्कूल वैन पढ़ने जाता है। उसकी तीन वर्षीय बेटी है। प्रतीक को उसके दादा प्रतिदिन स्कूल वैन में बैठाने एवं लेने जाते हैं। शनिवार शाम प्रतीक को उसके दादा लेने के लिए चौराहे पर गए। जहां से पता पूछने के बहाने कार सवार बदमाश पहुंचे और स्कूल वैन से उतरकर प्रतीक जैसे अपने दादा की ओर बढ़ा, इस बीच बदमाश प्रतीक को कार में खींचकर फरार हो गए। प्रतीक के दादा नागेश्वर ने इस संबंध में तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बावजूद मांडा थाने की पुलिस टीम मौके पर काफी देर से पहुंची, इस बीच कारसवार बदमाश फरार हो गए।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। परिवार के लोग किसी से भी रंजिश होने से इंकार किया है। हालांकि बच्चे की बरामदगी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। इस संबंध में पड़ोसी जनपद मिर्जापुर सहित अन्य जिलों की पुलिस से संपर्क किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
