वाराणसी, 14 मार्च (हि. स.) l लगातार बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी की वाराणसी इकाई ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया l प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि मूल्य वृद्धि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम है, जिसका सबसे बड़ा बोझ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अन्य नेताओं ने कहा कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और लगभग 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। वाराणसी जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल कहा कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान हो रहा हैl प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधि मण्डल ने राष्ट्रपति को सम्बोधित मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि अफसर को सौंपा l

पार्टी की प्रमुख मांगें
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस और पारदर्शी नीति लागू की जाए। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान की जाए।
महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे। विराेध प्रदर्शन में अब्दुल्लाह खान,घनश्याम पांडेय जिला मीडिया प्रभारी, गुलाब सिंह राठौड़,पल्ल्वी वर्मा व शारदा टंडन आदि शामिल रहे l
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
