बेंगलुरु, 11 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने से राज्य के होटल उद्योग और आम लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा में उठा। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई और कुछ समय के लिए सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।

बुधवार काे विधानसभा की कार्यवाही के दाैरान शून्यकाल में गैस सिलेंडर की कमी के मुद्दे पर चर्चा की अनुमति दिए जाने के बाद बहस तेज हो गई। विधानसभा सदस्य डॉ. रांगनाथ, कुनीगल ने यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की। इस पर जवाब देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री केएच मुनियप्पा ने कहा कि ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध के कारण वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है और हर 25 दिन में घरेलू सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से अधिक सिलेंडर जमा नहीं करने की भी अपील की।
मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. रांगनाथ ने कहा कि वाणिज्यिक सिलेंडर के लिए दाे हजार रुपये से अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है और उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। इस पर विपक्षी सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए बिना आधार के आरोप न लगाने की बात कही। इस बीच कांग्रेस के बेलूर से सदस्य गोपालकृष्ण ने भाजपा पर निशाना साधते हुए पूछा कि एलपीजी समस्या का समाधान कौन करेगा और भाजपा सदस्य इस मुद्दे पर क्यों नहीं बोल रहे हैं। चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम सामने आने पर सदन में बहस और तेज हो गई।
स्थिति को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि मंत्री मुनियप्पा ने तेल कंपनियों के साथ बातचीत की है और गैस आपूर्ति की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। इसलिए उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। हालांकि इस टिप्पणी के बाद सत्ता और विपक्ष के नेताओं के बीच बहस और बढ़ गई। विपक्ष के नेता आर. अशोक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने पर आंदोलन करने की बात कही है। हालांकि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी को आंदोलन के लिए उकसाया नहीं है। इसके बावजूद इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली और सदन में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा
