रायबरेली,11मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एवीबीपी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट पर अभद्रता का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। हालांकि बाद में अधिकारियों के समझाने व आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि बीती पांच मार्च को तिलक नगर में ग्यारहवीं के छात्र राम तिवारी का शव घर के अंदर लटका मिला था। जिसे लेकर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को ज्ञापन देने का कार्यक्रम था। अचानक उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एवीबीपी) के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट राम औतार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया और उनके कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। छात्र नेताओं का कहना है कि जब वे एसजेएस कॉलेज के छात्र की आत्महत्या के मामले में ज्ञापन देने पहुंचे थे, तब सिटी मजिस्ट्रेट ने उनके साथ अभद्रता की। इससे आक्रोशित कार्यकर्ता सिटी मजिस्ट्रेट से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करने लगे।बाद में अधिकारियों के समझाने व कड़ी कार्यवाही के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
एवीबीपी के नगर सह मंत्री आदित्य उपाध्याय ने बताया कि अधिकारियों के कार्यवाही के आश्वासन पर आज का धरना स्थगित किया गया है। यदि जल्द कोई कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे
