कानपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वोटर्स के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए फॉर्म-7 भरे जा रहे हैं।

विधायक ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सुनियोजित तरीके से पीडीए वर्ग के मतदाताओं को निशाना बना रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता संबंधित मतदाताओं की जानकारी जुटाकर उनके नाम से ही फॉर्म-7 भर रहे हैं, ताकि उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकें।
अमिताभ बाजपेई ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कथित तौर पर भरे गए फॉर्म-7 को दिखाते हुए इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ छेड़छाड़ बताया। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहीं तो इससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
विधायक ने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी इस प्रक्रिया की निगरानी बढ़ाने और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम कटवाने या जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सत्यापन आधारित होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित न किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
