जयपुर, 14 मार्च (हि.स.)। प्रदेशवासियों को जल्द ही राजकीय क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की चर्म रोग चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सवाई मानसिंह चिकित्सालय (एसएमएस), जयपुर के चरक भवन में देश का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी बनकर तैयार हो गया है, जिसे शीघ्र ही आमजन के लिए शुरू किया जाएगा। निजी अस्पतालों में लाखों रुपये में होने वाला कॉस्मेटिक उपचार यहां न्यूनतम दरों पर उपलब्ध होगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने शनिवार को एसएमएस अस्पताल स्थित इस संस्थान का निरीक्षण किया और इसे जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लंदन के बाद यह विश्व का दूसरा सबसे उन्नत और उत्कृष्ट संस्थान है, जहां चर्म रोगों के उपचार के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
संस्थान में डायोड लेजर, फ्रेक्शनल कार्बन डाइऑक्साइड लेजर, एक्साइमर लेजर, एनडी-याग लेजर और अलेक्जेंड्राइट लेजर सहित छह प्रकार की अत्याधुनिक लेजर मशीनें स्थापित की गई हैं। इनका उपयोग जन्मजात कॉस्मेटिक समस्याओं सहित विभिन्न चर्म रोगों के उपचार में किया जाएगा।
प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि यहां पीआरपी तकनीक से बाल उगाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। साथ ही हाइफू मशीन के माध्यम से त्वचा को कसने और झुर्रियां हटाने का उपचार किया जाएगा। इसके अलावा लेजर पद्धति से सफेद दाग और सोरायसिस का उपचार तथा रेडियो फ्रीक्वेंसी और क्रायो तकनीक से अन्य चर्म रोगों का इलाज भी किया जाएगा। निजी कॉस्मेटिक संस्थानों में महंगे उपचार के मुकाबले यहां यह सुविधाएं आमजन को न्यूनतम दरों पर मिलेंगी।
इस दौरान प्रमुख शासन सचिव ने एसएमएस अस्पताल में नवनिर्मित इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवेस्कुलर साइंसेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक कार्डियक टॉवर का सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा मशीनों की स्थापना का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर इसे जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे हृदय रोगियों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय उपचार मिल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि इस कार्डियक संस्थान में 212 बेड, 5 ऑपरेशन थिएटर, 5 कैथलैब और 4 ओपीडी काउंटर की सुविधा उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. गिरधर गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
