जम्मू, 06 मार्च (हि.स.)। कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स के छात्रों ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला का एक शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य छात्रों को शैक्षणिक अनुभव प्रदान करना, विशेषज्ञ फैकल्टी से संवाद स्थापित करना तथा विश्वविद्यालय में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक और शोध सुविधाओं से परिचित कराना था।

दौरे के दौरान छात्रों और एसएमवीडीयू के फैकल्टी सदस्यों ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गणित विभाग का भ्रमण किया और वहां की शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी गुप्ता ने अतिथि दल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें विभाग के अन्य शिक्षकों से परिचित कराया। इस दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और छात्रों के बीच अकादमिक कार्यक्रमों, शोध कार्यों तथा संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर सार्थक चर्चा हुई।
छात्रों को विश्वविद्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का भी भ्रमण कराया गया जिनमें गणित विभाग के अलावा केंद्रीय पुस्तकालय और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शामिल रहे। इस अनुभव ने छात्रों को उच्च शिक्षा और शोध के लिए उपलब्ध अवसरों तथा आधुनिक सुविधाओं की बेहतर समझ प्रदान की। इस शैक्षणिक दौरे में एफवाईयूपी बी.एससी. गणित, इंटीग्रेटेड बी.एससी.-एम.एससी. गणित, एम.एससी. गणित, बी.टेक. मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग तथा पीएचडी कार्यक्रमों के छात्र शामिल थे। छात्रों के साथ डॉ. राकेश कुमार (एसोसिएट प्रोफेसर एवं हेड, स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स), डॉ. संदीप शर्मा, डॉ. सुनील कुमार शर्मा, जूनियर असिस्टेंट किशोरी लाल तथा वैश्णवी हॉस्टल की सुपरवाइजर नीलम देवी भी मौजूद रहे।
दौरे के अंत में छात्रों ने इस अवसर के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रही। वहीं स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स के प्रमुख डॉ. राकेश कुमार ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार का इस शैक्षणिक दौरे की अनुमति और सहयोग देने के लिए धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक दौरे छात्रों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और उन्हें उच्च अध्ययन व शोध के लिए प्रेरित करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
