दरभंगा, 07 मार्च (हि.स.)। दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगन्नाथ जल्लाल रेड्डी ने शनिवार को कुशेश्वरस्थान थाना तथा नदी थाना (उजुआ) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों की प्रशासनिक व्यवस्था, लंबित कांडों की स्थिति, पंजी संधारण और फरार अभियुक्तों की सूची की गहन समीक्षा की तथा कई आवश्यक निर्देश दिए।

एसएसपी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि लंबित कांडों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र किया जाए। साथ ही नए कानूनों के तहत दर्ज मामलों की रिपोर्ट समय पर उच्च कार्यालय को भेजने को कहा। उन्होंने नियमित रूप से कांडों की समीक्षा करते हुए चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया, ताकि अपराधियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने फरार चल रहे अभियुक्तों की सूची का भी अवलोकन किया और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया। इसके अलावा थाना परिसर में रखे विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए उनके व्यवस्थित संधारण पर बल दिया। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने, शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।
इस दौरान एसएसपी जगन्नाथ जल्लाल रेड्डी ने कुशेश्वरस्थान थाना के एएसआई रूपेंद्र कुमार द्वारा मामलों के समय पर निष्पादन की सराहना भी की।
निरीक्षण के अवसर पर बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra
