सुपौल, 27 मार्च (हि.स.)। 45 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के तहत सीमा चौकी पिपराही द्वारा भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सतर्कता एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 135 लीटर नेपाली शराब एवं एक चारपहिया वाहन (वागन आर) को जब्त किया तथा दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में कमांडेंट 45 वीं वाहिनी गौरव सिंह बीरपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी होने की संभावना है। प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी पिपराही से एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर चिन्हित स्थान पर भेजा गया।
स्पर संख्या 1170 पर पहुँचने पर जवानों ने देखा कि दो व्यक्ति संदिग्ध चारपहिया वाहन (वागन आर) पर नदी की ओर से बोरी लाकर लाद रहे थे। सुरक्षा बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को वाहन सहित हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान व्यक्तियों ने अपना नाम योगेंद्र कुमार, ग्राम कोदली, जिला सुपौल तथा अनर्जित कुमार, ग्राम छतौनी, जिला सुपौल के निवासी बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 5 प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी को खोलकर देखने पर कुल 135 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उक्त शराब ग्राम दहगामा निवासी भोला यादव द्वारा लाकर दी गई थी, जिसे ग्राम लौकहा निवासी अरविंद को देने के लिए ले जाया जा रहा था।
दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों, बरामद शराब एवं जब्त वाहन (वागन आर) को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत मध्य निषेध विभाग, सिमराही को सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह एवं अन्य जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु सतत एवं प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
