सुपौल, 14 मार्च (हि.स.)। भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के सीमा चौकी नरपतपट्टी के जवानों ने नाका ड्यूटी के दौरान 18 बैलों को जब्त किया है।

इस संबंध में 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी नरपतपट्टी के कार्यक्षेत्र से मवेशियों की तस्करी होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जवानों द्वारा शनिवार अहले सुबह नियमित नाका ड्यूटी के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 219/30 के समीप ग्राम रूपौली के पास, भारत की ओर लगभग एक किलोमीटर अंदर संदिग्ध गतिविधि देखी गई।
जवानों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ लोग मवेशियों को लेकर नेपाल से भारत की ओर आ रहे थे। ड्यूटी पार्टी द्वारा उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद तलाशी के दौरान कुल 18 बैल बरामद किए गए, जिन्हें तस्करी के उद्देश्य से नेपाल से भारत लाया जा रहा था।
जब्त किए गए सभी मवेशियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद भपटियाही थाना को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक मुन्ना सिंह के नेतृत्व में अन्य जवान भी शामिल रहे।
एसएसबी 45वीं वाहिनी, बीरपुर द्वारा भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
