सिलीगुड़ी, 06 फरवरी (हि. स.)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। कुचबिहार से सिलीगुड़ी ले जाए जा रहे करीब दो क्विंटल किलो गांजा को एसटीएफ ने तस्करी से पहले ही जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बाबुल हुसैन (39), रुहुल इस्लाम (31) और सद्दाम हुसैन (27) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों आरोपित कुचबिहार के निवासी है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसटीएफ उन्हें शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश करेगी और आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की जाएगी।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुचबिहार से सिलीगुड़ी की ओर एक मालवाहक लॉरी में गांजा की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने फूलबाड़ी के जोटियाखाली इलाके में शुक्रवार दोपहर को अभियान चलाया और डब्ल्यूबी 73 क्यू 2786 नंबर की मालवाहक लॉरी को रोका।
तलाशी के दौरान लॉरी की बॉडी से 13 बोरियों में भरा करीब दो क्विंटल (200 किलो) गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक मालवाहक वाहन की आड़ में गांजा तस्करी की एक बड़ी साजिश रची गई थी, जिसे तीस्ता कैनाल रोड इलाके में एसटीएफ ने नाकाम कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
