आसनसोल, 21 मार्च (हि. स.)। आसनसोल के सबडिवीजन मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विश्वजीत भट्टाचार्य के नेतृत्व में शनिवार को आसनसोल के कल्ला मोड़ तथा जुबली मोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। मौके पर केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद थे।

पश्चिम बंगाल चुनाव को आचार संहिता लागू हो चुका है। आसनसोल महकमा के कानून व्यवस्था की जिम्मेवारी निर्वाचन अधिकारी एसडीओं ने संभाल ली है। एसडीओ आसनसोल द्वारा नाका चेकिंग का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना, अवैध गतिविधियों को रोकना और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। चुनाव के समय, प्रशासन के साथ मिलकर एसडीओ ने वाहनों की सघन तलाशी अभियान चलाया। जिसमें अवैध नकदी, हथियार, नशीले पदार्थ या संदिग्ध व्यक्ति की जांच की गयी। इसका उद्देश्य सुरक्षा जांच, अपराध नियंत्रण, अवैध तस्करी पर रोक और चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना है। इस दौरान वाहनों के कागजात, डिग्गी की तलाशी, और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की कार्यवाही की गयी। मजिस्ट्रेट के रूप में एसडीओ संदिग्ध वस्तुओं को जब्त कर सकते हैं और कानूनी कार्रवाई शुरू कर सकते हैं। इस प्रकार की गतिविधियों से क्षेत्र में कानून का शासन सुनिश्चित किया जाता है। साथ ही अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह एक महत्वपूर्ण निवारक उपाय है। जिसे अक्सर पुलिस के सहयोग से अंजाम दिया जाता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
