बीकानेर, 14 मार्च (हि.स.)। संभाग मुख्यालय के एसपी दफ्तर के सामने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगाने वाले पूर्व वार्ड पंच रामलाल (35) की मौत हो गई है। उनका इलाज जयपुर के सवाई मान सिंह हॉस्पिटल में चल रहा था।

रामलाल सोशल मीडिया पर खुद को भाजपा नेता बताते थे। हालांकि भाजपा के देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया का कहना है कि रामलाल पार्टी से जुड़े हुए नहीं थे।
बीकानेर कोतवाली थाने के एएसआई तनेराव सिंह के अनुसार, खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव के रहने वाले रामलाल 13 मार्च की दोपहर एसपी दफ्तर आए थे। उस समय एसपी कावेंद्र सिंह सागर अपने ऑफिस में थे।
करीब तीन बजे अचानक एसपी ऑफिस से रामलाल चिल्लाते हुए बाहर निकले और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। लपटों के बीच घिरे रामलाल को देख पुलिसकर्मी तुरंत दौड़े और आग बुझाकर उसे पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचाया। उसी दिन गंभीर हालत में पूर्व वार्ड पंच रामलाल को बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया था। यहां से जयपुर रेफर कर दिया गया था।
खाजूवाला सीओ अमरजीत सिंह चावला के अनुसार, रामलाल करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गए थे। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान शनिवार सुबह करीब 6 बजे जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई। यह सूचना रामलाल के परिवार वालों ने सुबह करीब 7 बजे पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार, रामलाल ने एक युवती पर परेशान करने का आरोप लगाया था। इस सिलसिले में उन्होंने थाने में शिकायत भी दी थी। बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि बाद में रामलाल ने लिखित में अपनी शिकायत वापस ले ली थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
