
रामगढ़, 10 मार्च (हि.स.)। जिले के रजरप्पा में पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच हुई घटना काफी चर्चा में है। घटना का असर मंगलवार को एसपी की ओर से आयोजित क्राइम मीटिंग में भी दिखा। एसपी अजय कुमार ने सभी थाना प्रभारी और ओपी प्रभारियों को थाना में आने वाले जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की नसीहत दी। उन्होंने बेहतर व्यवहार कैसे किया जाए इस पर चर्चा की। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई होगी।

बैठक में एसपी ने बेहतर पुलिसिंग के कार्य पर अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। मौके पर उन्होंने फायरिंग, आगजनी, तोड़फोड़, विस्फोट, महिला उत्पीड़न जैसे कांडो की समीक्षा की। साथ ही अविलंब लंबित मामलों को निष्पादित करने का निर्देश अधिकारयाें को दिया।
एसपी अजय कुमार ने कहा कि जिले के सभी स्थानों पर समय बदल बदल कर एंटी क्राइम चेकिंग होनी चाहिए। साथ ही उसकी प्रविष्टि रक्षक ऐप पर भी करना बेहद जरूरी है। व्यवसाईयों को राहुल दुबे गैंग से इंटरनेट पर मिल रही धमकी पर भी उन्होंने ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्यों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
सभी इंस्पेक्टर को विशेष रिपोर्ट की समीक्षा करने और अनुसंधानकर्ता को निर्देश जारी करने का निर्देश उन्होंने दिया। इसके अलावा कोर्ट से मिलने वाले वारंट और कुर्की का भी समय पर निष्पादन करने को कहा। एसपी ने कहा कि जो मामले एफएसएल के लिए लंबित है, उसके लिए भी तत्काल पत्राचार करने का निर्देश उन्होंने दिया है। इसके अलावा आपराधिक गिरोह के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, सभी थाना और ओपी के प्रवेश एवं निकास मार्ग पर बैरियर लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही तीन या तीन से अधिक कांडों का निष्पादन करने वाले पदाधिकारी को एक सुसेवांक से पुरस्कृत किया गया।
एसपी अजय कुमार ने कहा कि कई अपराधी वर्तमान समय में जेल से बाहर निकले हैं। उनकी गतिविधि का सत्यापन बेहद जरूरी है। संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर थाना हाजिरी का प्रस्ताव समर्पित किया जाए। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। महिला, बच्चों और बुजुर्गों को हर संभव मदद करनी है। महिला उत्पीड़न के मामलों को दो माह में निष्पादित करना है। सड़क सुरक्षा से संबंधित उपाय बेहद जरूरी है। हिट एंड रन मामलों में भी समय पर मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास करना है।
बैठक में पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, डीएसपी हेडक्वार्टर चंदन वत्स, सार्जेंट मेजर मंटू यादव, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, यातायात थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे, गोला सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार, मांडू सर्किल इंस्पेक्टर रजत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
