धमतरी, 09 फ़रवरी (हि.स.)। वर्ष 2025 के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, मर्ग प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने साेमवार काे अर्जुनी, कुरूद, सिहावा एवं दुगली थाना प्रभारियों के साथ-साथ सीएसपी धमतरी एवं एसडीओपी कुरूद को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

एसपी द्वारा बताया गया कि जिले के समस्त थानों को अपराध प्रकरणों की संख्या के आधार पर ‘ए’, ‘बी’ एवं ‘सी’ श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया था। प्रत्येक श्रेणी में सर्वाधिक अपराध प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करने वाले थानों को यह सम्मान प्रदान किया गया। इसी क्रम में अर्जुनी, कुरूद, सिहावा एवं दुगली थानों ने वर्ष 2025 में अपराध प्रकरणों के निकाल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। अपराध प्रकरणों के सर्वाधिक निकाल के लिए धमतरी अनुभाग के उप पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी कुरूद को भी सम्मानित किया गया। दोनों अनुभागों में अपराधों के प्रभावी निराकरण से पुलिसिंग की गुणवत्ता में स्पष्ट सुधार देखा गया। मर्ग प्रकरणों के त्वरित निराकरण में भी धमतरी पुलिस का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
मर्ग प्रकरणों की संख्या के आधार पर किए गए वर्गीकरण में कुरूद, अर्जुनी, सिहावा एवं दुगली थानों ने बेहतर कार्य करते हुए प्रशस्ति पत्र प्राप्त किए। वहीं धमतरी अनुभाग में नगर पुलिस अधीक्षक तथा कुरूद अनुभाग में एसडीओपी कुरूद को मर्ग प्रकरणों के उत्कृष्ट निराकरण हेतु सम्मानित किया गया। यातायात क्षेत्र में सख्त और सतत प्रवर्तन का सकारात्मक असर देखने को मिला। वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 20.05 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि मृतकों की संख्या में 8.67 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 31.26 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट आई। यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन में सर्वाधिक 3304 चालानी कार्रवाई करने पर सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसपी ने कहा कि तेज विवेचना, सख्त यातायात प्रवर्तन और प्रभावी पुलिसिंग से आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
