खूंटी, 20 मार्च (हि.स.)। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जिले के ऑटो चालकों की सुविधा के लिए परमिट वितरण कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप के माध्यम से ऑटो चालकों को परमिट जारी करने के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन की भी व्यवस्था की गई, जिससे बड़ी संख्या में चालकों ने अपने आवेदन जमा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी हरिशंकर बारिक ने बताया कि जिले में कई ऑटो चालक बिना परमिट के ही वाहन का परिचालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में भी कई चालक परमिट नहीं बनवा पाए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष कैंप आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक चालकों को सुविधा मिल सके।
कैंप में सचिव, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल हरिवंश पंडित और जिला परिवहन पदाधिकारी हरिशंकर बारिक ने संयुक्त रूप से 15 ऑटो चालकों को परमिट प्रदान किया। साथ ही अन्य चालकों को भी जल्द से जल्द परमिट बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशासन की ओर से सभी ऑटोमोबाइल डीलरों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने संस्थान से बिकने वाले ऑटो के लिए अनिवार्य रूप से परमिट आवेदन सुनिश्चित करें।
जिला परिवहन विभाग ने बिना परमिट वाहन चला रहे चालकों से अपील की है कि वे जिला परिवहन कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें और शीघ्र परमिट बनवाएं।
इसके अलावा, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए अधिकारियों ने सभी चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश भी दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
