जयपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। रामनगरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक फ्लैट पर दबिश देकर 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग नामों के एटीएम व क्रेडिट कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, डेस्कटॉप सहित स्कूटी और कार जब्त की गई है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि कांस्टेबल प्रदीप सोनी को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में कुछ युवक फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने तकनीकी संसाधनों व मुखबिर की मदद से फ्लैट पर दबिश दी। मौके पर 6 युवक अलग-अलग लैपटॉप पर गेमिंग साइट संचालित करते मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदनान अहमद निवासी निंदरावजी का रास्ता थाना कोतवाली, अबू हमजा निवासी चांदपोल, संपत कीर निवासी चित्तौड़गढ़, हेमेन्द्र सिंह राणावत निवासी शाहपुरा भीलवाड़ा, उत्तम राम निवासी बाड़मेर तथा उमेश मल्होत्रा निवासी धमतलपुरा, दतिया (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लेजर आईडी के माध्यम से गेमिंग साइट संचालित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गेमिंग लाइन दुबई से मिलती थी। आरोपी ग्राहकों को ऑनलाइन गेम खेलने का झांसा देकर उनसे अपने मूल खातों में पैसा ट्रांसफर करवाते और बाद में धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, 31 चेकबुक व पासबुक, 17 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप व डेस्कटॉप, 5 सेल, 7 सिम कार्ड, एक स्कूटी तथा एक कार जब्त की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
