शिमला, 09 फ़रवरी (हि.स.)। ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने एक व्यक्ति के बैंक खातों से चुपचाप तीन लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। घटना का पता तब चला जब पीड़ित ने अपने खाते का विवरण जांचा और कई अनजान लेनदेन दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

यह मामला पुलिस थाना रोहड़ू क्षेत्र का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित व्यक्ति के एचडीएफसी बैंक रोहड़ू और स्टेट कोऑपरेटिव बैंक देवली (टिक्कर) में खाते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 जनवरी से 7 फरवरी के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से कई ट्रांजैक्शनों में कुल 3,05,799 रुपये निकाल लिए। इन लेनदेन की जानकारी उन्हें उस समय नहीं थी और न ही उन्होंने किसी को इस तरह की अनुमति दी थी।

बताया जा रहा है कि रकम अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के जरिए निकाली गई। इससे शुरुआत में उन्हें शक नहीं हुआ। बाद में खाते की जानकारी देखने पर रकम कम होने का पता चला और तब उन्होंने बैंक से संपर्क किया। बैंक से प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर तकनीकी माध्यमों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। जांच के तहत संबंधित बैंक खातों के लेनदेन का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और संदिग्ध खातों को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा करने से बचें। इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
