धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर में वर्ष 2023 एवं 2024 के दौरान पुलिस थाना नूरपुर में ऑनलाइन साइबर ठगी के दर्ज दो मामलों को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बिहार के चंपारण का रहने वाला है जो भागकर गुजरात चला गया था। पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार कर उसे नूरपुर लेकर आई है। गौरतलब है कि ऑनलाइन साइबर ठगी का पहला मामला 23 मार्च 2023 का है जिसमें शिकायतकर्ता हरबंस सिंह निवासी तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से 3 लाख रुपये की ठगी की गई थी। वहीं दूसरे मामले में 18 जनवरी 2024 को शिकायतकर्ता शिमला देवी निवासी तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा से अज्ञात आरोपियों द्वारा फोन कॉल के माध्यम से कुल 3 लाख 20 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से ठग लिए गए थे।

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जिला नूरपुर द्वारा विशेष रणनीति के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग, बैंक लेन-देन की जांच के बाद विभिन्न राज्यों में दबिश देकर लगातार कार्रवाई की। टीम के सतत प्रयासों से पहले मामले में शिकायतकर्ता हरबंस सिंह को 3 लाख रुपये वापस दिलाने में सफलता प्राप्त हुई है।

वहीं दूसरे मामले में जांच के दौरान पुलिस टीम जब आरोपी की गिरफ्तारी हेतु बिहार पहुंची तो मुख्य आरोपी महाबीर कुमार निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार वहां से फरार होकर गुजरात भाग गया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है तथा इन मामलों में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
उधर एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार के आगामी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन साइबर ठगी से सावधान रहें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा साइबर क्राइम वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
