सतना, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के पुलिस अधीक्षक सतना के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत कोठी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली कफ सिरप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 478 शीशी प्रतिबंधित ओनेरेक्स कफ सिरप और एक कार जब्त की गई है।

थाना प्रभारी कोठी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि 10 मार्च की देर रात थाडीपाथर क्षेत्र में कार और ऑटो के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी प्राप्त हुई कि एक कार एक्सीडेंट के बाद भाग रही है, जिसमें संदिग्ध सामग्री होने की आशंका है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।
कार चालक और उसमें बैठे एक अन्य व्यक्ति से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मोहम्मद खुर्शीद (28) निवासी जवान सिंह कॉलोनी भुजवा मोहल्ला थाना कोलगंवा तथा निखिल राजवानी (25) निवासी साईं मंदिर के आगे धवारी थाना सिटी कोतवाली, जिला सतना बताया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 478 शीशी प्रतिबंधित ओनेरेक्स कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 96,317 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशीली कफ सिरप के साथ घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके बाद आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी
