रांची, 10 फ़रवरी (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण को बढावा देने के उद्धेश्य से ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और कृषि, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संयुक्त रूप से मंगलवार को मांडर आजीविका महिला संकुल संगठन कार्यालय, एकल सुविधा केंद्र (ओएसएफ), जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी) कार्यालय का उदघाटन किया।

इस अवसर पर दोंनो मंत्रियों ने महिला समूहों के बीच ट्रैक्टर का वितरण किया। वहीं 59 लाख 72 हजार रुपए की राशि का चेक भी महिला समूहों को दिया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सुरक्षा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ओएसएफ और जीआरसी जैसे केंद्र पीड़ित महिलाओं के लिए त्वरित सहायता, परामर्श और न्याय का मजबूत माध्यम बनेंगे।

वहीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आजीविका से जोड़ना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिला समूहों और सहकारिता के माध्यम से गांवों की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा रहा है। मौके पर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर आधारित नाटक का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सहित अन्य मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
