भुवनेश्वर, 16 मार्च (हि.स.)। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कालेज व अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के दौरान कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, आग सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे इमरजेंसी विभाग की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी। प्रारंभिक आशंका है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी, हालांकि वास्तविक कारण की जांच जारी है।
आईसीयू में आग लगने की सूचना मिलते ही मरीजों और उनके परिजनों के बीच घबराहट फैल गई। अस्पताल के कर्मचारियों और प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद फायर सेफ्टी टीम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
अस्पताल प्रशासन ने आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल के अन्य वार्डों और न्यू मेडिसिन आईसीयू में स्थानांतरित किया। कई मरीजों की हालत पहले से ही गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल दूसरे आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन ने घायलों के उपचार के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, जबकि घटना के बाद पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा प्रणाली की भी जांच शुरू कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
