भुवनेश्वर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। ओडिशा के कंधमाल जिले के दारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटीबाड़ी गांव के समीप जंगल में उच्च पदस्थ माओवादी नेता का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के निवासी 31 वर्षीय अन्वेष उर्फ रेनु के रूप में हुई है। वह प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के कंधमाल-कलाहांडी-बौध-नयागढ़ (केकेबीएन) डिवीजन में दूसरे प्लाटून कमांडर के पद पर सक्रिय था।

उलेखनीय है कि हाल ही में दो सक्रिय माओवादी कैडरों – नीतू और रूपा के. आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने इसी माह कंधमाल पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने खुलासा किया कि 28 जनवरी को अन्वेष ने मुख्यधारा में लौटने और आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वरिष्ठ डिविजनल नेता सुकुरू ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। संगठन छोड़ने की प्रवृत्ति को रोकने और घटना को छिपाने के लिए शव को जंगल में दफना दिया गया।
आत्म समर्पण करने वाले माओवादियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस दल ने जंगल में खुदाई कर अवशेषों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए दारिंगबाड़ी अस्पताल भेज दिया है ।
आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी कैडरों ने केकेबीएन डिवीजन की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनके अनुसार कंधमाल क्षेत्र में संगठन की ताकत घटकर लगभग 25 सक्रिय सदस्यों तक सीमित रह गई है, जिसका नेतृत्व सुकुरू और शीला कर रहे हैं। नीतू और रूपा का कहना है कि कई सदस्य हिंसा से तंग आ चुके हैं और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाना चाहते हैं, लेकिन सुकुरू द्वारा दी जा रही मौत की धमकियों के कारण वे सामने आने से डर रहे हैं। घटना के बाद जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
