भुवनेश्वर, 19 मार्च (हि.स.)। ओडिशा विजिलेंस ने ₹5.56 करोड़ के सरकारी धन गबन मामले में मुख्य आरोपी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मोहंती और उनकी पत्नी गीतारानी मोहंती को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों पर ट्रैक करने के बाद पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पुनर्नियोजित प्रदीप मोहंती अपनी पत्नी के साथ फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दंपति लगातार ठिकाने बदल रहे थे।
खुफिया सूचना के आधार पर विजिलेंस टीम ने पहले कोलकाता में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की थी, जहां उनके छिपे होने की आशंका थी। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगने पर वे बुधवार रात शहर से फरार हो गए।
इसके बाद दंपति भद्रक जिले के चरम्पा क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे, जहां गुरुवार सुबह विजिलेंस टीम ने उन्हें दबोच लिया। फिलहाल दोनों से मामले में पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गबन की गई सरकारी राशि को कई निजी खातों में ट्रांसफर किया गया, जिनमें प्रदीप मोहंती, उनकी पत्नी, उनके पुत्र मातृप्रसाद मोहंती और अन्य लोगों के खाते शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस मामले में उनके पुत्र को एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
विजिलेंस विभाग अब धन के प्रवाह (मनी ट्रेल) की जांच और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटा हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
