मंदसौर , 02 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में ओला वृष्टि, समग्र विकास, कृषि सुदृढ़ीकरण और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने मल्हारगढ़ क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के संबंध में कृषि एवं राजस्व विभाग को आकलन कर त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समयबद्ध सहायता सुनिश्चित की जा सके। वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किए जाने के मद्देनजर कृषि विभाग को वार्षिक कार्ययोजना का कैलेंडर तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में फसलों के विपणन, निर्यात, उत्पादन गुणवत्ता, प्राकृतिक व जैविक खेती को बढ़ावा देने, माइक्रो इरिगेशन और दुग्ध उत्पादकों को जैविक प्रणाली से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही रबी विपणन के अंतर्गत गेहूं उपार्जन की तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जनस्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में कलेक्टर ने सभी नगर परिषद सीएमओ को पानी की गुणवत्ता की टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने, रोस्टर अनुसार नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन और जलस्रोतों की निरंतर सफाई के निर्देश दिए। जनपद सीईओ को ग्राम पंचायत स्तर पर जलस्रोतों की पहचान कर सूची तैयार करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग को महिला शौचालय रहित शासकीय विद्यालयों की सूची प्रस्तुत करने तथा संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत सभी विभागों को नियमित शिविर लगाकर योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण समाधान और समयबद्ध निराकरण पर भी विशेष बल दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
