मीरजापुर, 14 मार्च (हि.स.)। चुनार थाना क्षेत्र के पिरल्लीपुर गांव के पास शुक्रवार को ओवरटेक करने की होड़ में दो ट्रक आपस में टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक का खलासी नीचे गिर पड़ा और उसी ट्रक के पहिए के नीचे आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों ट्रकों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना के चलते कुछ देर तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार दो ट्रक मीरजापुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। दोनों चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। इसी दौरान पिरल्लीपुर गांव स्थित पावर हाउस के पास सड़क किनारे पहले से एक खराब ट्रक खड़ा था। उसी स्थान पर पहुंचते ही ओवरटेक के दौरान दोनों ट्रक आपस में भिड़ गए।
टक्कर लगते ही एक ट्रक में सवार 20 वर्षीय खलासी मनीष प्रजापति पुत्र योगेंद्र निवासी कजियारी थाना मांची जनपद सोनभद्र नीचे गिर गया और ट्रक की चपेट में आकर दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।
चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
