औरैया, 31 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल में पेयजल व्यवस्था पर संकट गहरा गया है। यहां के शास्त्री नगर और लक्ष्मी नगर के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बीते पांच दिनों से पाइपलाइन में पानी नहीं आ रहा है, जिससे आम जनजीवन पेयजल के लिए परेशान हाे रहा है।

नगर में जगह-जगह पाइपलाइन टूटी हुई हैं, जिनमें नालियों का गंदा पानी और मलमूत्र जा रहा है। इससे दूषित पानी की सप्लाई का खतरा बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों की आशंका बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि जल निगम की लापरवाही के चलते उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पुरानी पाइपलाइन की सप्लाई बंद कर दी गई है और नई पाइपलाइन में कनेक्शन जुड़वाने के लिए लोगों को एक हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। सरकार की ओर से नगर में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जल निगम की ओर से घटिया गुणवत्ता की पाइपलाइन डालने से सैकड़ों स्थानों पर लीकेज हो गए हैं। कई जगह गड्ढे बने हुए हैं, जो दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।
स्थिति यह है कि जहां नई पाइपलाइन में पानी बूंद-बूंद टपक रहा है, वहीं पुरानी लाइन की सही जलापूर्ति को भी बंद कर दिया गया है। जिन इलाकों में नई पाइपलाइन नहीं डाली गई और पुरानी लाइन भी काट दी गई, वहां पेयजल संकट और गंभीर हो गया है। नगर पंचायत द्वारा टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है।
शास्त्री नगर निवासी राकेश बाबू, हरविंद गुप्ता, प्रदीप, अरविंद, आकाश कुमार और रजनी गुप्ता ने बताया कि जलापूर्ति न होने से भारी परेशानी हो रही है। जल निगम के कर्मचारी मनमानी कर रहे है। पुरानी लाइन काट दी गई है और नई लाइन भी नहीं डाली गई, जिसके चलते उन्हें नगर पंचायत के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा चक ने बताया कि जल निगम की ओर से डाली जा रही पाइपलाइन और लीकेज को ठीक कराने के लिए पत्र भेजा गया है। शास्त्री नगर और लक्ष्मी नगर में पानी की समस्या को देखते हुए टैंकर भेजे गए हैं। यदि अन्य क्षेत्रों में भी जल संकट सामने आता है तो वहां भी टैंकर से जलापूर्ति कराई जाएगी। स्थायी समाधान के लिए जल निगम के उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर पेयजल व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त कराई जाएगी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
