उरई, 21 मार्च (हि.स.)। नमामि गंगे योजना के तहत कार्य कर रही बृजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट के अंदर शनिवार को एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह घटना कुठौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत बृजगोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट की है। मृतक की पहचान कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है। वह इसी प्लांट में कार्यरत था। घटना के समय मजदूर अचानक बेहोश हो गया। उसके बाद उसकी मौत हो गई। मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। दुर्घटना या किसी अन्य कारण से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन न तो लेबर लाइसेंस के बारे में जानकारी दे रहा है और न ही प्लांट में कार्यरत मजदूरों की सही संख्या बता रहा है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कंपनी द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके चलते यह दुर्घटना हुई। हालांकि, कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, श्रम विभाग को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि कंपनी की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, थाना प्रभारी जगदंबा पाल का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
