धमतरी, 16 फ़रवरी (हि.स.)। लंच के समय स्कूल परिसर में गांव के ही एक सनकी युवक ने कक्षा तीसरी के आठ वर्षीय एक छात्र की डंडे से जमकर पिटाई कर दी, जिससे छात्र घायल हो गया। चेहरे और पीठ में चोटें आई है। शरीर से खून का बहाव भी हुआ है। आक्रोशित पालक व ग्रामीणों ने इस घटना की शिकायत अर्जुनी थाना में करके आरोपित सनकी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।

आज साेमवार शाम घटना की शिकायत लेकर अर्जुनी थाना पहुंचे घायल छात्र के पिता चेतन निर्मलकर ने बताया कि उनका पुत्र शासकीय स्कूल भानपुरी में कक्षा तीसरी का छात्र है। हर रोज की तरह वह आज भी स्कूल गया था। बच्चे को गांव के एक सनकी युवक ने पीटा है। सनकी युवक ने स्कूल के दीवार को पार कर स्कूल में प्रवेश किया। घटना को अंजाम देने वाले युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और सनकी भी है। जिस समय बच्चे को पीटा गया, वह समय लंच का था। खाना खाने के बाद छात्र बाथरूम गया हुआ था, इसी दौरान घटना हुई है।

छात्र को जमीन पर घसीटते हुए पिटाई की है। जिससे छात्र के चेहरा,पीठ और पैर में चोट आई है। जब थाना लेकर पहुंचे तो छात्र दहशत में बोल नहीं पा रहा था। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले गया था। फिलहाल छात्र की स्थिति ठीक है, लेकिन दहशत बना हुआ है। इस व्यक्ति की कई अन्य शिकायतें भी है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
