कछार (असम), 27 जनवरी (हि.स.)। असम के कछार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए असम पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स जब्त की है। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए दी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग 20 हजार याबा टैबलेट बरामद कीं, जिससे क्षेत्र में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि तस्कर कछार को ड्रग्स की आवाजाही के लिए सुरक्षित ठिकाना समझ रहे थे, लेकिन पुलिस की सख्त कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मुख्यमंत्री ने बयान में कहा, “याबा तस्करों को लगता था कि कछार उनके लिए सुरक्षित है, लेकिन असम पुलिस ने सुनिश्चित कर दिया कि उनके लिए अब खेल खत्म हो चुका है।”

उन्होंने बताया कि इस जब्ती से ड्रग माफिया को करीब तीन करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नशे के खिलाफ राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि याबा टैबलेट, जिन्हें आमतौर पर ‘क्रेजी ड्रग’ कहा जाता है, मेथामफेटामिन और कैफीन का मिश्रण होती हैं और अत्यधिक नशे की लत लगाने वाली होने के कारण भारत में प्रतिबंधित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
