कठुआ, 29 जनवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए थाना बिलावर क्षेत्र से लापता हुई एक महिला को सकुशल बरामद कर उसके कानूनी वारिसों के सुपुर्द कर दिया।

यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल 2025 को मछेड़ी तहसील बिलावर निवासी संजय कुमार पुत्र दीप चंद ने थाना बिलावर में अपनी पत्नी सत्या देवी (उम्र 33 वर्ष) के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना बिलावर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलावर की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर मुश्ताक ने किया।

पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की, सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी सहायता व मानवीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग किया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप लापता महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
