कठुआ, 08 फरवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए थाना बिलावर क्षेत्र से लापता महिला को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस के समग्र पर्यवेक्षण में की गई।

जानकारी के अनुसार अब्दुल करीम पुत्र हसन दीन निवासी भटोडी तहसील लोहाई मल्हार जिला कठुआ ने थाना बिलावर में अपनी बहन शमीम अख्तर पुत्री हसन दीन (उम्र 25 वर्ष) के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। इस पर पुलिस थाना बिलावर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलावर की पुलिस टीम ने एसएचओ बिलावर इंस्पेक्टर जहीर मुश्ताक के नेतृत्व में लापता महिला की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मानवीय सूचनाओं के प्रभावी उपयोग से विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। पुलिस की सतर्कता और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप लापता महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके वैधानिक अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट को बंद कर दिया गया है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
