कठुआ, 26 जनवरी (हि.स.)। जिला खेल स्टेडियम कठुआ में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, जोश और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, परिवहन, विज्ञान एवं आईटी तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री सतिश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया, परेड की सलामी ली तथा मार्च पास्ट का निरीक्षण किया।

मार्च पास्ट की कमान डीएसपी ऑप्स कठुआ पुष्पा राजपूत ने संभाली जबकि द्वितीय परेड कमांडर के रूप में पीएसआई मुजाहिर अली जाफरी मौजूद रहे। परेड में जिला पुलिस लाइन कठुआ, आईआरपी 19वीं बटालियन, पीटीएस कठुआ, 121वीं बटालियन सीआरपीएफ, होम गार्ड, एनसीसी कैडेट्स, फॉरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स सहित अनेक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में डीडीसी चेयरमैन कठुआ सेवानिवृत्त कर्नल महान सिंह, विधायक भारत भूषण, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एसपी ऑप्स मुकुंद टिबरेवाल सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और संस्थानों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया जबकि जिला पुलिस द्वारा व्यापक और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गणतंत्र दिवस समारोह ने राष्ट्रभक्ति, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सभी को गौरवान्वित किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
