जम्मू, 01 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव डॉ. कुलदीप कुमार गुप्ता ने रविवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर कबड्डी स्टेडियम का नाम प्रोफेसर चमन लाल गुप्ता के नाम पर रखने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि प्रो. चमन लाल गुप्ता एक प्रख्यात नेता, शिक्षाविद् और क्षेत्र में कबड्डी खेल के समर्पित समर्थक रहे हैं। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षा, खेल और सामाजिक उत्थान के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया, जिससे अनगिनत युवाओं को प्रेरणा मिली। एसोसिएशन का कहना है कि कबड्डी स्टेडियम का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रो. चमन लाल गुप्ता के पोते आशीरण महाजन, एस. सरवंत सिंह गिल (तकनीकी निदेशक), सुरिंदर मोहन (पूर्व महासचिव) और इंदरजीत शर्मा (जम्मू जिला अध्यक्ष) भी उपस्थित रहे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन ने बैठक के लिए आभार व्यक्त करते हुए सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
