जांजगीर-चांपा, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत किरारी निवासी बिहारी केंवट आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। वे लंबे समय से खपरे और टीन की छत से बने कच्चे घर में निवास कर रहे थे। बरसात के दिनों में घर टपकने के कारण उन्हें और उनके परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आय होने के कारण वे अपने घर की मरम्मत तक नहीं कर पा रहे थे, ऐसे में पक्का मकान बनाना उनके लिए एक सपना जैसा था।

इसी बीच शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। वर्ष 2024-25 में इस योजना के अंतर्गत बिहारी केंवट का आवास स्वीकृत हुआ और उन्हें 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। प्राप्त राशि से उन्होंने अपने कच्चे घर के स्थान पर पक्का मकान का निर्माण कराया। अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी उन्हें मिला है। उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन प्राप्त हुआ, जिससे अब घर में धुएं से मुक्ति मिली है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत उनके घर में शौचालय का निर्माण भी किया गया है, जिससे परिवार को स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिल रही हैं।
बिहारी केंवट कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जैसी जनकल्याणकारी योजना से उनके जैसे गरीब परिवारों का पक्के मकान में रहने का सपना साकार हो रहा है। वे इसके लिए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि शासन की योजनाएं सही पात्र तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
