मीरजापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी गांव में शुक्रवार देर रात विवाहिता रोशनी पटेल (28) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर बेड पर मिला। घटना की सूचना मृतका के पिता राधेश्याम ने थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार्रवाई शुरू के दी है

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे के सीलिंग फैन में साड़ी का फंदा लटका हुआ मिला, जबकि मृतका का शरीर बेड पर पड़ा था। कमरे में एक कुर्सी भी बेड पर रखी पाई गई। हालात को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मृतक रोशनी की शादी नवंबर 2019 में डोहरी गांव निवासी गोविंद पटेल के साथ हुई थी। उसका मायका बिहार प्रांत के कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर के मदुरना गांव में है। मृतका के दो बच्चे पुत्र अखंड पटेल और पुत्री अद्विका हैं। मृतका के पिता राधेश्याम और भाई दीपू ने रोशनी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
