पश्चिम मेदिनीपुर, 12 मार्च (हि. स.)। जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के डिंगाल गांव में गुरुवार सुबह युवक का शव उसके घर से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सौरभ बाग (26) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सौरभ बाग ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में एक पांच वर्षीय बेटा और
तीन वर्षीय बेटी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सौरभ और उसकी पत्नी के बीच संबंध लंबे समय से ठीक नहीं थे। पिछले करीब एक वर्ष से उसकी पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके में रह रही थी। माना जा रहा है कि इसी पारिवारिक तनाव के कारण सौरभ ने यह कदम उठाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
