उत्तर 24 परगना, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के शासन थाना अंतर्गत गोलाबाड़ी इलाके में सोमवार सुबह एक राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जिस मकान की छत पर वह काम कर रहा था, उसके ठीक ऊपर से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली की तार गुजर रही थी। काम के दौरान उसी तार की चपेट में आ जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस और स्थानीय के अनुसार,

मृतक की पहचान सैफुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह गोलाबाड़ी के दादार मोड़ इलाके में एक इमारत निर्माण कार्य में बतौर राजमिस्त्री काम कर रहा था। आरोप है कि जिस भवन का निर्माण किया जा रहा था, वह हाईवोल्टेज बिजली की तार के ठीक नीचे अवैध रूप से बनाया जा रहा था, जबकि नियमों के अनुसार ऐसी जगह पर निर्माण की अनुमति नहीं दी जाती।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से इलाके में बिना प्रशासनिक अनुमति के अवैध निर्माण कार्य चल रहा था। इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार सुबह सैफुल इस्लाम जब निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करने चढ़ा, तभी वह 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों का गुस्सा निर्माणाधीन मकान के मालिक पर फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि भवन मालिक ने जानबूझकर सैफुल को खतरनाक हालात में छत पर काम करने के लिए मजबूर किया। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “पैसे के दम पर मजदूरों से जानलेवा काम कराया जा रहा है। क्या पैसा होने का मतलब यह है कि किसी की जान जोखिम में डाल दी जाए? हमने कई बार कहा कि यहां अवैध निर्माण हो रहा है, लेकिन प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया।”
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। वे इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। पुलिस जब शव को कब्जे में लेने पहुंची तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें भी रोकने की कोशिश की। हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
