नवादा, 28 जनवरी (हि.स.)।नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में खेत में खाद डालने के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। घटना बुधवार को भट्ट हॉट के निकट घटी। जिसकी पहचान कहुआरा गांव के स्व लखन राजवंशी का 35 वर्षीय पुत्र अशोक राजवंशी के रुप में किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्वजन व शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही एएसआई दुर्गानंद ठाकुर समेत अन्य पुलिस बल पहुंचे, और कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। स्वजन ने बताया अशोक राजवंशी अपने घर से तकरीबन एक बजे खेत में खाद डालने के लिए निकले थे। भट्टा हाट के समीप खेत में लगे गेहूं की फसल में खाद डाल रहे थे।

इसी बीच खेत में बिजली का तार गिरा हुआ था। उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी। उसके सम्पर्क में आने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जब बिलम्ब हुआ तो उसकी पत्नी पूनम देवी खेत में पहुंची तो, देखी की वह भूमि पर गिरा हुआ है। उसके बाद शोर मचाने पर काफी संख्या में लोग जुटे, और तत्काल उसे सीएचसी नारदीगंज लेकर आये। जहां कार्यरत चिकित्सक ने जांचोपरांत अशोक राजवंशी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक को तीन पुत्र एक पुत्री है। पुत्र अंकित कुमार,दिलखुश कुमार,गोलू कुमार और पुत्री करीना कुमारी है। सभी को रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। लोग सांत्वना देने में लगे रहे। सरपंच नागेंद्र कुमार सिन्हा, पूर्व मुखिया राकेश कुमार,शिक्षक देवेन्द्र कुमार,रूपलाल मांझी समेत अन्य लोग सीएचसी पहुंचे, और दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाकर आपदा प्रबंधन कोष से क्षति पूर्ति की मांग विभागीय अधिकारियों से की है। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन
