रांची, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ भुवनिया की अध्यक्षता में रांची जिले में हाल ही में प्रतिनियुक्त और नव-नियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (बीडब्ल्यूओ) के साथ बैठक की।

बैठक का उद्देश्य नव-नियुक्त पदाधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों और अपेक्षित प्रदर्शन के बारे में मार्गदर्शन करना था।
मौके पर डीडीसी ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत परिचय लिया। मौके पर उन्होंने कई बिंदुओं की जानकारी दी। इसमें निष्ठा और समय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने, आम जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष रूप से निष्पाादन करने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राशन वितरण, खाद्यान्न आपूर्ति में पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमित निगरानी करने, सामाजिक कल्याण योजनाओं (पेंशन, छात्रवृत्ति, विधवा,विकलांग,वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना) के लाभार्थियों तक समय पर तथा निर्बाध रूप से पहुंच सुनिश्चित करना सहित अन्य शामिल है।
डीडीसी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह केवल सरकारी पद नहीं, बल्कि लाखों आम नागरिकों के जीवन से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उनका कार्य निष्पादन सीधे जनता के विश्वास को प्रभावित करता है। इसलिए कर्तव्य का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका हक मिल सके और किसी भी शिकायत का समाधान जल्द से जल्द हो सके।
डीडीसी ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने प्रखंडों में आपूर्ति व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में रांची जिले को एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
बैठक में आईटीडीए संजय भगत, विशिष्ट अनुमंडल पदाधिकारी, मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
