धमतरी, 27 जनवरी (हि.स.)।समर्थन मूल्य पर धान खरीदने में राज्य सरकार को फेल बताकर कांग्रेसियों की भीड़ ने मंगलवार को हाईवे जाम किया। धान की बोरियां रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर ने एसडीएम पीयूष तिवारी से चर्चा और आश्वासन के बाद कांग्रेस का प्रदर्शन समाप्त किया।

कांग्रेसियों ने किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर भविष्य में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ग्राम संबलपुर में धान खरीद और किसानों के मुद्दों को लेकर हाईवे जामकर कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने धान खरीद की अवधि बढ़ाने, टोकन सिस्टम में सुधार, रकबा समर्पण पर रोक लगाने, पंजीकरण और सत्यापन की समस्या और भुगतान में देरी को लेकर राज्यपाल के नाम एसडीएम पीयूष तिवारी को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेसियों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रशासन के लोग मनमाने ढंग से किसानों के घर जाकर जबरदस्ती रकबा समर्पण करा रहे हैं। किसान चोर उचक्के नहीं हैं। आगामी दिनों में व्यवस्था नहीं सुधरी तो इससे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि धान खरीद की शुरूआत से ही भारी अव्यवस्था बनी हुई है। किसानों के धान खरीद करने राज्य सरकार पूरी तरह से फेल है। किसानों को कभी टोकन जारी नही होने, कभी खरीद सीमा की लिमिट घटाने और खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन के द्वारा छोटे किसानों पर रकबा समर्पण के लिए चोरी जैसे गंभीर आरोप लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्यपाल से आग्रह करते हैं कि किसानों के साथ हो रहे घोर अन्याय को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन को किसानों के हित में निर्णय लेने आदेशित करें।
इस अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक द्वय लेखराम साहू, पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिलाध्यक्ष ग्रामीण महिला कांग्रेस अंबिका सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जिपं सदस्य कविता बाबर, युकां नेता आनंद पवार, बृजेश जगताप, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, विपिन साहू, प्रभात राव मेघावाले, योगेश बाबर, शारदा साहू, ब्लाक अध्यक्ष खिलेंद्र ध्रुव, योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, होमेंद्र साहू, विनीत बाफना, अनवर रजा, अखिलेश दुबे, देवव्रत साहू, विशु देवांगन, राजा देवांगन, अमरदीप साहू, करण चंद्राकर, आकाश गोलछा, कैलाश प्रजापति, डीहूराम साहू, राजू साहू, कृष्णा मरकाम, उदित नारायण साहू, राकेश मौर्या, प्रमोद कुंजाम, आशुतोष खरे, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।
आत्मदाह की चेतावनी-ग्राम सिवनीखुर्द के किसान जागेश्वर कुम्हार ने बताया कि इनका 1.45 एकड़ खेत है। दो हफ्ते से कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे हैं। धान नहीं बिकने से काफी परेशान है। 12 फरवरी को भाई की शादी थी जिसे रद्द कराना पड़ा है। केसीसी लोन पटाने के लिए एक रुपये नहीं है। इसलिए नंगे पैर आए हैं। इन्होंने धान खरीद नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
ग्राम छुही के किसान जगेश्वर राम ध्रुव ने बताया कि इनका पांच एकड़ खेत है। टोकन कटा था लेकिन आधा से ज्यादा धान सोसाइटी से वापस लौटा दिया गया है। उसमें मिट्टी और खराब है करके वापस भेज दिए है। दूसरी बार टोकन काटने की मांग लेकर आए है। 53 क्विंटल धान बेच चुके हैं। 58 क्विंटल धान बेचने के लिए बचा है। किसानी करने के लिए कर्ज लिए थे धान नहीं बिकेगा तो कर्ज कहां से पटाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
