कांकेर, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और ट्रकों से वसूली के मामले में प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के सह प्रचार-प्रसार मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान ने आज शुक्रवार काे कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पहले शिकायत करती है, फिर प्रशासन के द्वारा कार्यवाही होने के बाद प्रशासन के खिलाफ ही धरना प्रदर्शन करते हैं, इससे प्रतीत होता है कि कांग्रेस की मानसिक स्थिति सही नहीं है।

उन्हाेने कहा कि भानुप्रतापपुर विधायक द्वारा विधानसभा में अवैध रेत उत्खनन का मुद्दा उठाए जाने के बाद खनिज विभाग सक्रिय हुआ और सेटेली खदान में छापेमार कार्रवाई की गई। इस दौरान मौके पर जेसीबी मशीनों के साथ भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित रेत पकड़ी गई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा अवैध कारोबार कांग्रेस से जुड़े लोगों के संरक्षण में संचालित हो रहा था। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों की आर्थिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ा है, जिसके कारण अब वे लोग बौखलाहट में आकर प्रशासन पर ही दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
नरोत्तम सिंह चौहान ने कहा कि जब तक अवैध कमाई का सिलसिला चलता रहा, तब तक किसी को कोई समस्या नहीं थी, लेकिन जैसे ही प्रशासन ने सख्ती दिखाई, अब विरोध और धरना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में ग्राम बुंदेली का मामला भी सामने आया है, जहां से गुजरने वाले माइंस के ट्रकों से ₹100 प्रति ट्रक की अवैध वसूली की जा रही थी, इस मामले में खास बात यह रही कि इसकी शिकायत भी कांग्रेस के ही एक जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र की विधायक से की गई थी। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के उपरांत संबंधित लोगों पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के बाद अब वही लोग एसडीओपी हटाओ के नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए हैं।
उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति पूरी तरह से विरोधाभासी है, जहां कानून का उल्लंघन करने वाले लोग ही कानून लागू करने वालों को हटाने की मांग कर रहे हैं। अपने ही बनाए जाल में फंसने के बाद अब कांग्रेसी जनता के सामने सहानुभूति बटोरने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई जनता के सामने है। नरोत्तम सिंह चौहान ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अवैध खनन और वसूली जैसे मामलों में सख्ती जरुरी है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और राजस्व को नुकसान न हो। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लग सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
