मुंबई, 05 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका वायु प्रदूषण से निपटने के लिए कई उपाय कर रही है। ऐसे में कांदिवली पूर्व के सिंह एस्टेट में चल रहे सड़त चौडाईकरण क काम से स्थानीय लोग परेशान हैं और पानी-बिजली कटने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

कांदिवली पूर्व स्थित सिंह एस्टेट में 120 फीट विकास योजना सड़क के कारण 310 निवासी प्रभावित हुए थे. इनमें से 232 लोगों को मनपा ने घर उपलब्ध कराए हैं। इसके बाद 20 मार्च 2026 से आर-दक्षिण विभाग ने मकान हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। लेकिन इस काम के कारण धूल प्रदूषण से स्थानीय नागरिक परेशान हैं। तोड़क कार्रवाई के दौरान पानी की पाइपलाइन भी तोड़ी जा रही है, जिससे पिछले एक सप्ताह से नागरिकों को पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है। बिजली कनेक्शन कटने से लोग बेहाल हैं।
स्थानीय निवासी जया गोडांबे ने कहा कि मुंबई मनपा को इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है. राज मयेकर ने आरोप लगाया कि मकान तोड़ने की कार्रवाई अंधाधुंध तरीके से की जा रही है। पानी की पाइप लाइन और बिजली कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं. मौके पर कोई अधिकारी मौजूद नहीं रहता, सड़कों पर पानी जमा है और धूल के कारण लोगों का स्वास्थ्य खतरे में है। आर-दक्षिण विभाग की सहायक आयुक्त आरती गोलेकर के अनुसार सोमवार से प्रभावित क्षेत्र में पानी का छिड़काव किया जाएगा। यदि किसी की पानी की पाइपलाइन टूटती है, तो जल विभाग द्वारा उसे मुफ्त जोड़ा जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
