काजीरंगा (असम), 07 फरवरी (हि.स.)। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान एवं टाइगर रिज़र्व के बूढ़ाहापहाड़ वन क्षेत्र में शनिवार को एक वयस्क नर बाघ मृत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वन अधिकारियों के अनुसार, 10 से 15 वर्ष आयु का यह बाघ ब्रह्मपुत्र नदी की एक धारा में बानेश्वर फॉरेस्ट कैंप के समीप नियमित गश्त के दौरान वनकर्मियों को मिला। शव की सूचना मिलते ही वरिष्ठ वन अधिकारी और एक पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे।

मृत बाघ का पोस्टमार्टम स्थल पर ही किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बाघ की मौत क्षेत्रीय प्रभुत्व को लेकर दूसरे बाघ के साथ हुए संघर्ष के कारण हुई होगी, जो उम्रदराज नर बाघों में आम तौर पर देखा जाता है।
वन विभाग ने बताया कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यह घटना एक बार फिर काजीरंगा में बाघों की अधिक संख्या के चलते बढ़ते क्षेत्रीय दबाव को रेखांकित करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
