जोधपुर, 18 मार्च (हि.स.)। कापरड़ा थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में शिक्षक ने सुसाइड कर लिया। उसका शव पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। इसकी जांच की जा रही है। मामला जोधपुर जिला मुख्यालय से करीब 54 किमी दूर कुड़ गांव के सरकारी स्कूल का है।

कापरड़ा थानाधिकारी सुनीता डूडी ने बताया कि मुंशी सिंह (52) कुड़ गांव के सरकारी स्कूल में तैनात थे। वह करौली के हिंडौन सिटी के रहने वाले थे। आज सुबह करीब आठ बजे ग्रामीण से हादसे की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस और शिक्षा विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से नीचे उतारकर पीपाड़ सिटी के सरकारी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। थानाधिकारी ने बताया कि जांच चल रही है। सुसाइड के कारणों को लेकर अभी साफ कुछ नहीं कहा जा सकता।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
