मीरजापुर, 31 जनवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन बर्मा ने शनिवार को जिला कारागार पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण करते हुए बाउंड्रीवाल के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि कारागार की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक न हो। उन्होंने चारों तरफ कड़ी निगरानी रखने और सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बैरकों में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता तथा बीमार कैदियों के उपचार की जानकारी ली। डीआईजी ने बंदियों से कहा कि यदि किसी को कोई समस्या हो तो वे बिना भय के प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
इसके बाद जिलाधिकारी और डीआईजी ने जेल से संबंधित रजिस्टरों और पत्रावलियों का भी अवलोकन करते हुए अभिलेखों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कारागार में तैनात सब इंस्पेक्टर, सिपाही एवं सुरक्षा कर्मियों की बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निरुद्ध बंदियों के साथ मानवीय और शालीन व्यवहार किया जाए, लेकिन जेल नियमों का सख्ती से अनुपालन भी सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर कारागार अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी एवं जेलर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
