सीतापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में दृष्टिबाधित युवक की मौत हो गई। बिसवां की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।

मृतक की पहचान अकबरपुर निवासी राज कुमार पुत्र मिश्री लाल (35) के रूप में हुई है। वह शनिवार शाम एक छोटे बच्चे के साथ लहरपुर–बिसवां मार्ग पर पैदल जा रहे थे। गनीमत रही कि साथ चल रहा बच्चा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर अवैध अतिक्रमण को हादसे का कारण बताया। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर अज्ञात कार व चालक की तलाश की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
