जलपाईगुड़ी, 11 मार्च (हि. स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह हाथीमोड़ के पास बालाईगछ इलाके में हुई है।

मृतक की पहचान बिरेन राय (55) के रूप में हुई है, जो राजगंज ब्लॉक के बालाईगछ गांव के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बिरेन अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे। जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बिरेन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उनके साथ मौजूद एक मवेशी की भी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल बिरेन को बरामद कर राजगंज ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कार चालक को पकड़कर राजगंज थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
