
मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। उप्र के मीरजापुर में अदलपुरा स्थित बड़ी मां शीतला धाम में रविवार रात आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब काशी से हजारों की संख्या में भगत “बधावा” लेकर मां के दरबार पहुंचे। रात 11 बजे से लेकर भोर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर और घाट तक लगी रहीं।

ढोल-नगाड़ों, डीजे और रोड लाइट की जगमगाहट के बीच नाचते-गाते श्रद्धालु “जय मां शीतला” के जयघोष के साथ धाम की ओर बढ़ते रहे। हाथों में फरहरा झंडा और दीप लिए महिला-पुरुष भगतों की टोली पूरे रास्ते भक्ति में डूबी नजर आई।
अदलपुरा शीतला घाट फरहरा झंडों से पटा रहा, जहां हर ओर रंग-बिरंगे ध्वज और भक्ति का उत्साह दिखाई दिया। भगत गंगा स्नान के बाद मां के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बधावा अर्पित करते रहे।
पूरी रात मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। भक्ति, संगीत और आस्था के संगम ने अदलपुरा शीतला धाम को एक बार फिर श्रद्धा के महाकुंभ में बदल दिया, जहां हर भक्त मां के दरबार में हाजिरी लगाकर धन्य होता नजर आया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
